इजरायल-ईरान जंग के बीच संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा "रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 100 की तरफ बढ़ना और इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी. ये सिर्फ आंकड़े नहीं, आने वाली महंगाई के साफ संकेत हैं, सरकार चाहे इसे नॉर्मल बताए, लेकिन हकीकत ये है कि इससे उत्पादन और ट्रांसपोर्ट महंगे होंगे, MSMEs को सबसे ज्यादा चोट लगेगी, रुपये के कमजोर होने से रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ेंगे, FII का पैसा और तेजी से बाहर जाएगा, जिससे शेयर बाज़ार पर दबाव बढ़ेगा, यानी हर परिवार की जेब पर इसका सीधा और गहरा असर पड़ना तय है, ये सिर्फ वक्त की बात है - चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल, LPG की कीमतें भी बढ़ा दी जाएंगी, मोदी सरकार के पास न दिशा है, न रणनीति. वह सिर्फ बयानबाजी करती है. सवाल यह नहीं कि सरकार क्या कह रही है, बल्कि सवाल ये है कि आपकी थाली में क्या बचा है।" राहुल गांधी के इस बयान के बाद एनडीए नेता उन पर हमलावर हो गए हैं और कह रहे हैं कि राहुल गांधी के पास देश की बदनामी के अलावा कोई काम नहीं है।
